भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
भरतपुर में दो पड़ोसियों के बीच शनिवार की रात शराब के नशे में विवाद हुआ। हवाई फायर भी हुआ। सूचना पर रात में पुलिस भी पहुंची। लेकिन सुबह इसी मामले में पड़ोसियों ने पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी। रात में ही पुलिस ठोस कार्रवाई करती तो वारदात टल सकती थी। अब पुलिस विभाग ने एक्शन लेते हुए दो पुलिसकर्मी को निलंबित किया गया हैं। इधर मंत्री सुभाष गर्ग ने घटना को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है।
दरअसल भरतपुर शहर के सुभाष नगर में रविवार सुबह पड़ोसियों ने गोली मारकर पिता-पुत्र की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने एक सहायक उपनिरीक्षक और एक हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। इस पूरे मामले में दोनों पुलिसकर्मियों ने लापरवाही बरती थी, जिसके चलते पुलिस अधीक्षक ने यह कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह हत्याकांड से पहले शनिवार रात को दोनों पक्षों के बीच में झगड़ा हुआ था और हवाई फायर हुआ था। घटना की सूचना पाकर रात को ही पुलिस चेतक टीम मौके पर पहुंची थी। इस पूरे घटनाक्रम में चेतक प्रभारी सहायक उप निरीक्षक विजयपाल और कोतवाली के हेड कांस्टेबल मानसिंह ने लापरवाही बरती। दोनों ने घटना को लेकर उच्च अधिकारियों को सूचित नहीं किया। जिसके चलते पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई ने दोनों को निलंबित कर दिया।
यह था पूरा मामला।
जानकारी के मुताबिक शनिवार रात सुभाष नगर निवासी लक्ष्मण और सुरेंद्र पक्ष के बीच शराब के नशे में झगड़ा हो गया था। लेकिन रविवार सुबह दोनों पक्षों के बीच फिर से रात की बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान लक्ष्मण पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर सुरेंद्र और उसके 12वीं कक्षा में पढ़ रहे बेटे पर ताबड़तोड़ फायर कर दिए, जिससे पिता पुत्र की मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष के एक अन्य व्यक्ति के पैर में भी गोली लगी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच राजीनामा कराने की बात को लेकर सुरेंद्र के घर अन्य लोगों के साथ लक्ष्मण और उसका बड़ा भाई दिलावर पहुंचे। इसी दौरान लक्ष्मण पक्ष के लोगों ने सुरेंद्र और उसके 12वीं कक्षा में पढ़ रहे बेटे पर ताबड़तोड़ फायर कर दिए। फायरिंग में सुरेंद्र और उसका बेटा सचिन बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। इसी दौरान फायरिंग करने वाले दिलावर के पैर में भी गोली लग गई। गोलियों की आवाज सुनकर पूरी कॉलोनी में हड़कंप मच गया। गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंचे और लहूलुहान सुरेंद्र व उसके बेटे सचिन को गाड़ी से अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।वहीं तीसरे अन्य घायल व्यक्ति का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई एवं अटलबंध और कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस घटना की पड़ताल में जुटी हुई है। पूछताछ के लिए पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया है।

0 टिप्पणियाँ