जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान प्रदेश में सर्दी का सितम तेज होने लगा है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। दिवाली के त्यौहार पर राजधानी जयपुर के आसपास के इलाकों में तेज कंपकपाती सर्दी महसूस हुई। प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। न्यूनतम तापमान पूर्वी राजस्थान के भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में 11.6 डिग्री सेल्सियस और पश्चिमी राजस्थान के नागौर में 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम में बदलाव के साथ सर्दी बढ़ने लगी है। लोगों ने अब अलाव का सहारा लेना भी शुरू कर दिया है। दिन में मौसम सामान्य रहता है तो वहीं रात को तेज सर्दी महसूस होने लगी है। घरों में रजाइयां और कंबल निकल आए हैं। बाजारों में गर्म कपड़ों की खरीदारी भी शुरू हो गई है। अभी से लोग गर्म कपड़े पहनने लगे हैं। संभावना जताई जा रही है कि नवंबर और दिसंबर में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। कई जगह बर्फबारी की भी संभावना रहती है। पाला और बर्फबारी फसलों के लिए नुकसानदायक मानी जाती है। तेज सर्दी में अलसुबह किसानों के खेतों में फसल पर बर्फ की परत जम जाती है, जिससे फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचता है। पाले से फसल को बचाने के लिए किसान खेत में सूखी घास-फूस को जलाकर धुंआ करते हैं, ताकि ज्यादा नुकसान न पहुंचे। पिछले वर्षों की खेतों में तेज कड़ाके की ठंड के साथ ही पाला पड़ने से फसलों को नुकसान हुआ था। ऐसे में इस बार भी किसानों को चिंताएं सताने लगी है। हालांकि फिलहाल मौसम विभाग की तरफ से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

0 टिप्पणियाँ