जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में बुधवार शाम को सीएम निवास पर मंत्रिपरिषद की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में अहम फैसले लिये गये हैं। बैठक में कहा गया कि आमजन की आकांक्षाओं को पूरा करने और प्रदेश के चहुंमुखी विकास के उद्देश्य से राज्य सरकार जनहित के कार्यों को गति देगी। बैठक में निर्णय किया गया कि मंत्री सप्ताह के प्रथम तीन दिन-सोमवार, मंगलवार एवं बुधवार को जयपुर मुख्यालय पर ही रहकर जन अभाव अभियोग के निराकरण के साथ ही विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा करेंगे। सभी प्रभारी मंत्रियों को अपने प्रभार वाले जिलों में प्रत्येक माह कम से कम 2 दिन का दौरा करना होगा। इस दौरान मंत्री भी जनसुनवाई करेंगे और जनप्रतिनिधियों के साथ जिले की समस्याओं, राज्य सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन का फीडबैक लेंगे और जिला प्रशासन के साथ इन पर समीक्षा करेंगे।  मंत्री जिलों के दौरे में प्रशासन गांवों के संग और प्रशासन शहरों के संग अभियान, 20 सूत्री कार्यक्रम, राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, जन-घोषणा पत्र के साथ बजट घोषणाओं और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की गई घोषणाओं की प्रभावी मॉनीटरिंग करेंगे। मंत्रिपरिषद ने आगामी 17 दिसम्बर को राज्य सरकार के कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभिन्न परियोजनाओं और विकास कार्यों के प्रस्तावित लोकार्पण के साथ शिलान्यास पर भी विस्तृत चर्चा की। यह निर्णय किया गया कि सभी मंत्री इस दौरान जिलों में जाएंगे और सफलता के साथ इस कार्य को सम्पादित कराएंगे। इन तीन वर्षाें में राज्य सरकार ने महिलाओं, युवाओं, आदिवासियों, एससी, एसटी, पिछड़े, अल्पसंख्यक सहित तमाम जरूरतमंद वर्गाें की विकास में भागीदारी बढ़ाने के लिए अनेक निर्णय किए हैं। आमजन को इन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी होना आवश्यक है।