उदयपुर से भगवान प्रजापत की रिपोर्ट। 

झीलों की नगरी शनिवार को एक और बड़े शहर से जुड़ गयी। उदयपुर से कोलकाता के लिए नई फ्लाइट शनिवार को उदयपुर पहुंची। इस फ्लाइट के शुरू होने से अब दोनों शहरों के बीच सीधी फ्लाइट शुरू हो गई है। जो महज ढाई घंटे में दोनों शहरों के बीच की दूरी को पूरा करेगी। उदयपुर पहली बार एयररूट से कोलकाता से जुड़ा। ऐसे में फ्लाइट को उदयपुर एयरपोर्ट पर वाटर सैल्यूट दिया गया। जब भी एयरपोर्ट किसी नए रीजन से जुड़ता है तो पहली फ्लाइट को वाटर सैल्यूट दिया जाता है।

उदयपुर से कोलकाता के बीच यह फ्लाइट रोजाना चलेगी। इंडिगो की यह फ्लाइट सुबह 8.25 बजे कोलकाता से उड़ान भरकर 10.50 बजे उदयपुर पहुंचेगी। यहां से 11.20 बजे फ्लाइट कोलकाता के लिए उड़ान भरेगी और दोपहर 1.45 बजे कोलकाता पहुंचेगी। ऐसे में महज 2 घंटे और 25 मिनट में उदयपुर से कोलकाता पहुंचा जा सकेगा। शनिवार को उदयपुर एयरपोर्ट की डायरेक्टर नंदिता भट्‌ट ने पैसेंजर्स को बोर्डिंग पास देकर शुरू हुई नई फ्लाइट के लिए रवाना किया।

नार्थ-ईस्ट से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

उदयपुर से कोलकाता के बीच फ्लाइट शुरू होने से उदयपुर और राजस्थान की नाॅर्थ-ईस्ट से कनेक्टिविटी बढ़ेगी। एयरपोर्ट डायरेक्टर नंदिता भट्‌ट बताती हैं कि कोलकाता तक सीधी फ्लाइट होने से पैसेंजर राजस्थान से कोलकाता और फिर वहां से असम, मेघालय, सिक्किम, मणिपुर सहित आसपास के राज्यों में आसानी से सफर कर सकेगा। साथ ही कोलकाता से पोर्ट ब्लैयर के लिए भी सीधी कनेक्टिविटी पैसेंजर को मिल सकेगी।