अवनीश पाराशर।
राजस्थान के अशोक गहलोत सरकार के नवनियुक्त मंत्री रमेश चंद्र मीणा ने बुधवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। मंत्री रमेश मीणा ने पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री पद पर अपना पदभार संभाला है। पदभार ग्रहण करने के दौरान मंत्री रमेश मीणा के साथ उनकी पत्नी, बच्चे पूर्व जिला प्रमुख अभय कुमार मीणा सहित उनके समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान मंत्री रमेश मीणा ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर अपना कार्यभार संभाला। कार्यभार संभालने के बाद मंत्री रमेश मीणा ने बताया कि पंचायती राज की स्थापना कांग्रेस के माध्यम से जवाहरलाल नेहरू, राजीव गांधी ने की थी और जो जिम्मेदारी उन्हें कांग्रेस आलाकमान और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दी है, उसके बाद अब उनका एक ही उद्देश्य होगा कि गांवों का विकास हो। गांव में अंतिम छोर पर झोपड़ी में रहने वाले हर आदमी तक पंचायती राज की जितनी भी योजनाएं हैं, चाहे वह आर्थिक हो या विकास की योजनाएं हो या कोई अन्य हों उस व्यक्ति तक पहुंचें। इन योजनाओं की मॉनिटरिंग करना और गांव में विकास कार्य चाहे वह नाली निर्माण हो, अच्छी सड़कें हों या फिर गांव के लोगों को नरेगा के माध्यम से रोजगार मिलना हो या फिर जेएसवाई के माध्यम से होने वाले काम हों, जितनी भी पंचायती राज की योजनाएं हैंं उनकी मॉनिटरिंग ठीक से की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राजस्थान में जो प्रशासन गांव के संग अभियान चल रहा है, उसमें भी पंचायती राज ग्रामीण विकास विभाग की अहम भूमिका है। इस अभियान को और कैसे बेहतर किया जाए इसे लेकर भी उनका प्रयास रहेगा।

0 टिप्पणियाँ