जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर के बड़े ज्वैलर समूह की कंपनियों, एक फाइनेंस कंपनी और एक प्रिशियस स्टोन ब्रोकर के यहां बुधवार को इनकम टैक्स की रेड हुई है। इसमें नामी कारोबारी निर्मल बरड़िया और प्रिशियस स्टोन ब्रोकर राधा मोहन तोतला के 10 से ज्यादा ठिकाने शामिल हैं। पिछले कुछ माह से ये कंपनियां रडार पर थीं। जयपुर के अलावा प्रदेश के दूसरे शहरों में भी छापे चल रहे हैं। आयकर टीमों ने बड़ी संख्या में दस्तावेज जब्त किए हैं। टीम जांच में जुटी है। आयकर सूत्रों के अनुसार, ज्वैलर ग्रुप की 10 से ज्यादा कंपनियों के दस्तावेजों के लेन-देन की जांच चल रही है। बड़ी संख्या में खरीद-बिक्री के दस्तावेज जब्त किए गए हैं। कई बेनामी लेन-देन के रजिस्टर और रफ बुक भी कब्जे में लिए गए हैं। अब तक की कार्रवाई में कई लॉकर होने की जानकारी भी सामने आई है। दस्तावेजों के आधार पर अब कई और कंपनियां भी जांच के दायरे में आएंगी। महीने भर के भीतर आयकर की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।

0 टिप्पणियाँ