जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान कांग्रेस पीसीसी प्रदेशाध्यक्ष बनने के 15 महीने बाद पहली बार गोविंद सिंह डोटासरा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली में मुलाकात की है। मंत्री पद छोड़ने के बाद सोनिया गांधी से पहली मुलाकात में उन्होंने  पार्टी संगठन को लेकर फीडबैक दिया।संगठन में डेढ़ साल से खाली चल रहे पदों को भरने पर चर्चा की उन्होंने दावा किया कि दिसंबर में संगठन के खाली पदों को भरा जाएगा। डोटासरा अक्टूबर में सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई बैठक में शामिल हुए थे, लेकिन वन टू वन मुलाकात पहली बार हुई है। सोनिया गांधी के बाद डोटासरा ने संगठन महामंत्री  केसी वेणुगोपाल,प्रभारी अजय माकन और राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला से चर्चा  की। कांग्रेस में पिछले डेढ़ साल से खाली चल रहे जिला और ब्लॉक अध्यक्षों के पदों पर नियुक्तियों पर अब काम आगे बढ़ने के आसार हैं। पिछले साल जुलाई में सचिन पायलट कैंप की बगावत के बाद से केवल प्रदेश कार्यकारिणी के 39 नेताओं को छोड़ कोई पदाधिकारी नहीं है। जिलाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर जिला-ब्लॉक की कार्यकारिणी भी बननी है। सोनिया गांधी से मिलने के बाद डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद कोरोना आ गया, इसलिए सोनिया गांधी से मुलाकात नहीं हो सकी थी।  मंगलवार को सोनिया गांधी से मुलाकात कर  प्रदेश  के राजनीतिक  हालात पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई पर मोदी सरकार के खिलाफ पार्टी के जन जागरण अभियान को आगे बढ़ाने पर चर्चा की है।  उन्होंने कहा कि संगठन में खाली पदों को भरने पर प्रदेश प्रभारी अजय माकन से चर्चा की जाएगी। उम्मीद है संगठन का विस्तार और खाली पदों पर जल्द नियुक्तियों का काम होगा। पिछले साल जुलाई में डोटासरा को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष मनोनीत किया था। डोटासरा पायलट  को बर्खास्त करने के बाद प्रदेशाध्यक्ष  मनोनीत हुए थे और उनके पास शिक्षा विभाग  की जिम्मेदारी भी थी ऐसे में वे संगठन के साथ सक्रिय रूप से काम नहीं कर पा रहे थे ।  उन्होंने अब एक पद एक व्यक्ति के सिद्धांत को अपनाते हुए मंत्री पद छोड़ दिया है और आप सक्रिय रुप से पार्टी के कार्य में जुट गए हैं।