अलवर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट शुक्रवार को अलवर के भिवाड़ी दौरे पर रहे। इस दौरान पायलट का जयपुर से भिवाड़ी के बीच अनेक जगहों पर कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत सम्मान किया। सचिन पायलट के कोटपूतली पहुंचने पर कांग्रेस नेता सांवत गुर्जर सहित अनेक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत किया गया। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और गुर्जर समाज के लोग उपस्थित रहे। मीडिया से बात करते हुए पायलट ने कहा कि राजस्थान में रहकर कांग्रेस की दोबारा वापसी ही मेरा प्रयास रहेगा। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पायलट का कहना था कि राजस्थान के इतिहास में पहली बार इतने दलित भाइयों को कैबिनेट में जगह मिली है और मेरा शुरू से यही मानना था कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मान सम्मान और उनकी इज्जत सत्ता और संगठन में उनकी भागीदारी महत्वपूर्ण है। क्योंकि कार्यकर्ताओं के बिना पार्टी कभी मजबूत नहीं हो सकती है। उनका मान और सम्मान अति आवश्यक है। पायलट ने कहा कि आलाकमान ने जो भी मुझे आदेश दिया मैंने वह किया है और करूंगा। राजस्थान में अगले विधानसभा चुनाव में सरकार की वापसी को लेकर पूरा प्रयास रहेगा। पायलट आज सुबह जयपुर से भिवाड़ी के लिए निकले थे जहां उन्हें तिजारा विधायक संदीप यादव के भतीजे की शादी में शिरकत करनी है।