कोटा हंसपाल यादव।
कोटा नगर विकास न्यास की ओर से अनूठा दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। खास बात यह रही कि यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल बनने जा रहे चंबल रिवर फ्रंट के कामगारों के साथ दीपावली मनाई। दरअसल मंत्री शांति धारीवाल चंबल रिवर फ्रंट पहुंचे जहां उन्होंने पहले रिवर फ्रंट पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया एवं अधिकारियों से चर्चा की। उसके बाद नगर विकास न्यास की ओर से आयोजित दीपावली मिलन एवं अभिप्रेरणा कार्यक्रम जो रिवर फ्रंट में काम कर रहे कामगारों के सम्मान में आयोजित किया गया था उसमें शिरकत की। रिवर फ्रंट में काम कर रहे कामगार भी दीपावली के मौके पर अपने बीच यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल को पाकर खासे उत्साहित नजर आए। मंत्री शांति धारीवाल ने इस मौके पर कामगरों कि खुले दिल से तारीफ करते हुए कहा कि जिस प्रोजेक्ट को आप तैयार कर रहे हैं उसको आप ताउम्र नहीं भूल पाएंगे। क्योंकि यह प्रोजेक्ट ना सिर्फ राजस्थान के पर्यटन में नया इतिहास रचेगा बल्कि विश्व स्तरीय पहचान बनाने के साथ रोजगार का बड़ा माध्यम भी बनेगा। यह प्रोजेक्ट कोटा का आर्थिक ढांचा मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में मैं पहुंचे रिवरफ्रंट के कामगारों को यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने मिठाई और प्रोत्साहन राशि के चैक भी भेंट किए और दीपावली की शुभकामनाएं दी। नगर विकास न्यास के चेयरमैन कलेक्टर उज्जवल राठौर ने कामगारों के सम्मान में आयोजित किए गए इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल बनने जा रहे चंबल रिवर फ्रंट से जुड़े सभी मजदूरों इंजीनियर, संविदको एवं अधिकारियों के समर्पण की तारीफ की। नगर विकास न्यास के विशेषाधिकारी आरडी मीणा ने चंबल रिवर फ्रंट विकास कार्य को बताते हुए कहा कि कोटा का रिवर फ्रंट विश्व का अनूठा रिवर फ्रंट बनने जा रहा है। देश के मौजूदा रिवर फ्रंटस के साथ लंदन और साउथ अफ्रीका के रिवर फ्रंट से भी बेहतर चंबल रिवर फ्रंट बनने जा रहा है। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता अमित धारीवाल, महापौर राजीव अग्रवाल उपमहापौर पवन मीणा, सोनू कुरैशी , जिलाध्यक्ष रविन्द्र त्यागी सहित न्यास के सचिव राजेश जोशी, उपसचिव चंदन दुबे, मुख्य लेखा अधिकारी टीपी मीणा, मुख्य अभियंता ओ पी वर्मा सहित न्यास के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ