ब्यूरो रिपोर्ट।

पिछले कई महीनों के दौरान पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हो रही बेतहाशा बढ़ोतरी की दिशा में मौन साधे बैठी केंद्र सरकार ने आखिरकार दिवाली के एक दिन पहले देश की जनता को महंगाई की दिशा में बड़ी राहत दी है। केंद्र ने पेट्रोल पर ₹5 और डीजल पर ₹10 प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी घटा दी है। अब एक्साइज ड्यूटी कम होने के साथ ही वैट की दरों में भी कमी आएगी। इसके चलते राजस्थान की राजधानी जयपुर में डीजल ₹12.60 पैसे और पेट्रोल ₹6. 80 पैसे सस्ता हो जाएगा। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनीत बगई के अनुसार अब जयपुर में डीजल की कीमतों में कमी होने के साथ ही यह ₹95 .80 पैसे लीटर तक होगा वही पेट्रोल की कीमत ₹110 . 65 पैसे प्रति लीटर हो जाएगी। नई रेट गुरुवार सुबह 6:00 बजे से लागू हो गई है। एक्साइज ड्यूटी घटाने से पेट्रोल के वैट पर भी ₹1.80 पैसे और डीजल पर ₹2. 60 पैसे प्रति लीटर का फर्क हो जाएगा। उधर केंद्र सरकार की घोषणा के तुरंत बाद देश के अन्य राज्यों  गोवा, त्रिपुरा, असम, कर्नाटक और बिहार ने भी पेट्रोल डीजल पर वैट घटाने का ऐलान किया है। इन राज्यों में ₹7 प्रति लीटर तक वेट कम किया गया है लेकिन राजस्थान सरकार की ओर से गुरुवार सुबह तक ऐसी कोई घोषणा नहीं हुई। आपको बता दें कि राजस्थान में पेट्रोल पर 36% और डीजल पर 26% वैट लागू है। यह देश के सभी राज्यों में सबसे अधिक है, और यही कारण है कि देश का सबसे महंगा पेट्रोल डीजल भी राजस्थान में ही बिक रहा है।