जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान में कई दिनों से मंत्रिमंडल गठन को लेकर चल रहे घमासान पर शनिवार रात विराम लग गया है राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में आज 11 कैबिनेट मंत्री और 4 राज्य मंत्री शपथ लेंगे। इनकी सूची शनिवार देर रात जारी कर दी गई। कैबिनेट मंत्रियों में ममता भूपेश और शकुंतला रावत के भी नाम हैं।

ये रहेंगे कैबिनेट मंत्री।
हेमाराम चौधरी, महेंद्रजीत सिंह मालवीय, रामलाल जाट, महेश जोशी, विश्वेंद्र सिंह, रमेश मीणा, ममता भूपेश, भजनलाल जाटव, टीकाराम जूली, गोविंद राम मेघवाल, शकुंतला रावत।

ये लेंगे राज्य मंत्री के तौर पर शपथ।
जाहिदा, ब्रजेंद्र सिंह ओला, राजेंद्र गुढ़ा और मुरारीलाल मीणा राज्य मंत्री के तौर पर शपथ लेंगे।

आपको बता दें कि इससे पहले राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री आवास पर हुई। मंत्री परिषद की बैठक में सभी मंत्रियों के इस्तीफा ले लिए गए। रविवार को कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में दोपहर 2 बजे बैठक होगी। राजस्थान में मंत्रिमंडल पुनर्गठन को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, अजय माकन और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच चर्चा हुई जिसके बाद 15 नामों पर मुहर लगी। इसके बाद सीएम अशोक गहलोत ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की। और मंत्रियों के इस्तीफे सौपे। इस पर राज्यपाल कलराज मिश्र ने राजस्व मंत्री रहे हरीश चौधरी, चिकित्सा मंत्री रहे डॉ रघु शर्मा और शिक्षा मंत्री रहे गोविंद सिंह डोटासरा का इस्तीफा तुरंत प्रभाव से स्वीकार कर लिया। इन तीनों नेताओं को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास ने बताया कि रविवार को दोपहर 2 बजे पीसीसी कार्यालय में बैठक होगी।