सपोटरा विनोद जांगिड़।
राजस्थान निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश के चार जिला बारां, कोटा श्रीगंगानगर और करौली जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित करने के बाद करौली जिले में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने भी कमर कस ली है। आचार संहिता लागू होते ही जहां प्रशासन गांवों के संग शिविर निरस्त कर दिए गए हैं। वहीं  जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिहाग और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने पंचायती राज मंत्री रमेश चंद मीणा के विधानसभा क्षेत्र में जाकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया.. वही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
सपोटरा उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न करवाने एवं पंचायत चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिहाग और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा सपोटरा क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डिकोली कलां स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण करते हुए डाबरा गांव के राजकीय उच्च माध्य विद्यालय पहुंचे जहां पर जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिहाग और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के साथ पुलिस उपाधीक्षक कैलादेवी महावीर सिंह मीणा तथा सपोटरा थाना अधिकारी बनवारी लाल मीणा ने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।

अधिकारियों की ली बैठक, अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश।
पंचायत चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण करवाने के लिए सपोटरा क्षेत्र के दौरे पर रहे जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिंह और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने उपखंड कार्यालय सपोटरा पहुंचकर उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश मीणा की मौजूदगी में उपखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर पंचायत चुनाव की तैयारियों का फीडबैक लिया एवं सभी अधिकारियों को जिले में पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्षता पूर्ण करवाने को लेकर दिशा निर्देश दिए। पंचायत चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने और मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिहाग के साथ रहे पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरीके से चाक-चौबंद रखने एवं संवेदनशील व अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के साथ शांति भंग करने वाले लोगों पर निगरानी रखने की बात कहते हुए शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाने की बात कही साथ ही कैलादेवी पुलिस उपाधीक्षक महावीर सिंह मीणा से कानून व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया।इस अवसर पर सीडीपीओ जोगेंद्र सिंह,पुलिस निरीक्षक बनवारी लाल मीणा सहित उपखंड स्तरीय अधिकारी एवं पुलिस जवान मौजूद रहे।

पहले चरण में सपोटरा, मंडरायल व मासलपुर में होगा मतदान।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी की गई अधिसूचना के अनुसार जिले में 3 चरणों में मतदान करवाया जाएगा। जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिहाग ने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से जारी की गई अधिसूचना के अनुसार प्रथम चरण 12 दिसंबर से शुरू होगा जिसमें पंचायत समिति सपोटरा के 25 सदस्यों पंचायत समिति मंडरायल के 17 सदस्यों सहित पंचायत समिति मासलपुर के 15 पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। द्वितीय चरण 15 दिसंबर से शुरू होगा जिसमे पंचायत समिति करौली के 27 पंचायत समिति हिंडौन सिटी के 31 पंचायत समिति श्रीमहावीरजी के 17 पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। वही जिले में तृतीय चरण 18 दिसंबर से शुरू होगा जिसमें पंचायत समिति नादौती के 17 पंचायत समिति टोडाभीम के 33 सदस्यों के लिए मतदान करवाया जाएगा। जिले में 3 चरणों में होने वाले चुनावों की मतगणना 21 दिसंबर को होगी तथा 23 दिसंबर को प्रधान एवं जिला प्रमुख चुने जाएंगे और अगले ही दिन उप प्रधान व उप प्रमुख का चुनाव होगा।