जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
अशोक गहलोत सरकार के नये राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने गुरुवार को सचिवालय में राजस्व मंत्री का कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार संभालने के बाद रामलाल जाट ने कहा कि प्रशासन गांवों के संग अभियान में कोई खामियां है तो उसे दूर किया जाएगा। अभियान के लिए जो नियम बनाए है उनका सरलीकरण भी किया जाएगा। कार्यभार संभालने के बाद राजस्व मंत्री ने कहा कि गहलोत सरकार ने एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। यह जिम्मेदारी बखूबी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन गांव के संग अभियान के तहत गरीब आदमी को राहत देने का काम किया जा रहा है। यदि इस अभियान में कर्मचारी काम नहीं कर रहे हैं या किसी तरह का भ्रष्टाचार हो रहा है तो उसमें सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान में अधिक से अधिक लोग अपनी समस्याओं का समाधान कराए। उन्होंने कहा कि शिविरों में भ्रष्टाचार नहीं हो रहा है। कर्मचारी भी लोगों के काम कर रहे है। अभियान को सफल बनाने के लिए सीएम गहलोत खुद प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत लगाए जा रहे शिविरों का निरीक्षण कर रहे हैं। राजस्व कर्मचारियों की मांगों पर राजस्व मंत्री ने कहा कि राजस्व कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने कर्मचारियों मांग के अनुसार भर्तियां भी निकाली है। राजस्व कर्मचारियों के संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

0 टिप्पणियाँ