उदयपुर से भगवान प्रजापत। 

65 वीं राज्य स्तरीय माध्यमिक और उच्च माध्यमिक फुटबॉल प्रतियोगिता 17 व 19 आयु वर्ग का शुभारंभ सोमवार को देबारी खेल मैदान पर हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि मावली प्रधान ओर पूर्व विधायक पुष्कर डाँगी थे। अध्यक्षता हिन्दुस्तान जिंक देबारी इकाई के प्रमुख लीलाधर पाटीदार ने की। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जिंक स्मेल्टर की मेजबानी में हो रही प्रतियोगिता में सभी जिलों की टीमें भाग ले रही हैं। समारोह में सीएसआर हेड अनुपम निधि, प्रकाश श्रीमाल, शिव भगवान, शिक्षा विभाग के सीडीईओ ओमप्रकाश आमेटा, जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय मुकेश पालीवाल, जिंक इंटक श्रमिक नेता मांगी लाल अहीर, जिंक सरपंच विलुडी गमेती देबारी उप सरपंच चन्दन सिंह देवड़ा, राजस्थान पंचायती राज कर्मचारी एवं शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष शेर सिंह चौहान सहित कई कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। देबारी खेल मैदान पर आयोजित उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया तो मुख्य अतिथि पुष्कर डांगी ने सलामी ली। अतिथियों का स्वागत जसवंत रॉय ने किया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खि़लाडियो का चयन राष्ट्रीय स्तर की टीम में किया जाएगा। 


प्रदेश की 80 टीमें ले रही हैं भाग

राज्यस्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता 17 व 19 आयु वर्ग में प्रदेश की कुल 80 टीमें भाग ले रही हैं। 33 जिलों के अलावा कुछ टीमांे को सीधे राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रवेश दिया गया। 14 नवम्बर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के अलग अलग मुकाबले कुल 10 मैदान पर होगें। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले जिंक स्मेल्टर के ग्राउंड में होगें। 

हिंदुस्तान जिंक के सहयोग से प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में मुख्यतः हिंदुस्तान जिंक देबारी का सहयोग रहा। प्रतियोगिता में आने वाले खिलाड़ियों के लिए विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाए की गई। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में भी हिंदुस्तान जिंक सीएसआर के अधिकारी मौजूद रहे।