झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड बारां सांसद दुष्यंत सिंह शुक्रवार को झालावाड के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने मिनी सचिवालय सभागार मे जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक ली। उन्होंने जिले मे चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान सांसद दुष्यंत सिंह खाद सडक बिजली पानी सडक समेत कई मुद्दों को लेकर खासे नाराज भी नजर आए, इस दौरान उन्होंने कई बार जिलाधिकारियों से सवाल-जवाब कर अपनी नाराजगी भी खुलकर जाहिर की । बैठक के बाद सांसद दुष्यंत सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन कई कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा कर रहा है। क्योंकि जिले के सभी विधायक सांसद समेत अन्य जनप्रतिनिधि भारतीय जनता पार्टी के हैं। उन्होंने कहा कि झालावाड़ समेत बारां जिले में भी लगातार अवैध खनन जोरों पर चल रहा है। यहां तक कि भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री भरत सिंह तक इस मामले में अपनी सरकार पर सवाल खड़े कर चुके हैं। लेकिन उसके बाद भी राजस्थान की कांग्रेस सरकार कार्यवाही नहीं कर रही।उन्होने कहा कि हाडौती की महत्वपूर्ण परवन परियोजना में 700 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। उन्होंने किसानों के लिए कांग्रेस के द्वारा किए गए संपूर्ण कर्ज माफ की घोषणा भी एक छलावा होने की बात कही। 


बैठक के दौरान सांसद दुष्यंत सिंह पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से पूछा कि जिले के पिडावा- सोयत रोड की सड़क खस्ताहाल होने से आए दिन हजारों लोग परेशान होते हैं। लेकिन अब तक इस खराब सड़क की विभाग ने सुध नहीं ली। यहां तक कि उन्होंने यह तक कह डाला कि इस मार्ग पर मध्य प्रदेश की सीमा में पूरा रोड बहुत अच्छी हालत में है। जबकि राजस्थान की सीमा का पूरा रोड खराब पड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे झालावाड़ दौरे पर आएंगी तो वे उन्हें खुद लेकर मौके पर जाएंगे और सड़क की हालत दिखाएंगे। उन्होने कांग्रेस सरकार मे झालावाड-बारां क्षेत्र में विकास अवरुद्ध होने का भी आरोप लगाया। इस दौरान उनके साथ जिले के सभी भाजपा विधायक, प्रधान समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।