जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

राजस्थान प्रदेश में रीट रिजल्ट के बाद अब शीघ्र ही तृतीय श्रेणी के 31 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। इसके तहत शिक्षा विभाग द्वारा थर्ड ग्रेड अध्यापक भर्ती की विज्ञप्ति जारी की जाएगी। इसमें रीट परीक्षा में पात्र अभ्यर्थियों को फॉर्म भरते समय रीट मार्कशीट सहित अपने डॉक्यूमेंट स्कैन कर अपलोड करने होंगे। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय अभ्यर्थियों की मेरिट जारी करेगा, जिसका फाइनल कट ऑफ भी जारी होगा। इसी मेरिट के आधार पर शिक्षकों की भर्ती होगी। शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष जीपी जारौली ने बताया कि रीट परीक्षा के जरिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची बोर्ड द्वारा जारी की है। उन्होंने बताया कि अब भर्ती के लिए फाइनल मेरिट बीकानेर माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के द्वारा निकाली जाएगी। इसी मेरिट से 31 हजार शिक्षकों की भर्ती होगी। उन्होंने कहा कि सामान्य श्रेणी के परीक्षार्थियों के लिए 60 फीसदी और इससे ऊपर की पात्रता है।जारौली ने बताया कि बीकानेर माध्यमिक शिक्षा निदेशालय पात्र परीक्षार्थियों के एकेडमिक इंडेक्स से 10 फीसदी मार्क्स जोड़ेगा। इसके बाद फाइनल मेरिट लिस्ट बनेगी। इसके आधार पर ही  शिक्षा विभाग द्वारा नियुक्तियां दी जाएगी।  उन्होंने बताया कि फाइनल मेरिट में 90:10 का फॉर्मूला लगाया जाएगा। यानी 90 फीसदी मार्क्स रीट से लिए जाएंगे, जबकि 10 फीसदी एकेडमिक डिग्री से लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रीट पात्रता के नियम : सामान्य / अनारक्षित - 60 अंक (टीएसपी और नॉन टीएसपी),अनुसूचित जनजाति (ST) - 55 (नॉन टीएसपी), 36 (टीएसपी)अनुसूचित जाति (SC), ओबीसी, एमबीसी और आर्थिक कमजोर वर्ग - 55 अंक (नॉन टीएसपी और टीएसपी)समस्त श्रेणी की विधवा और परित्यक्ता महिलाएं एवं भूतपूर्व सैनिक - 50 अंक (टीएसपी और नॉन टीएसपी)दिव्यांग - 40 अंक (टीएसपी और नॉन टीएसपी)और सहरिया जनजाति - 36 अंक (टीएसपी और नॉन टीएसपी) पात्रता का प्रतिशत तय किया गया है।

उल्लेखनीय है कि रीट परीक्षा के लिए इस बार 25 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इसमें से 11 लाख चार हजार 216 को पात्र घोषित किया गया है। इनमें लेवल-1 के लिए 3 लाख तीन हजार 604 और लेवल-2 के लिए 7 लाख 73 हजार 612 को पात्र घोषित किया गया है। इनमें से मेरिट के आधार पर 31 हजार शिक्षकों को नियुक्ति दी जाएगी।