ब्यूरो रिपोर्ट।

वैश्विक महामारी कोरोना की 2 साल तक मार झेलने के बाद इस बार राजधानी जयपुर में दीपावली के त्यौहार की रौनक नजर आई। धनतेरस के दिन से परकोटे सहित शहर के अन्य कई बाजारों में रोशनी का स्विच ऑन हो गया। परकोटे क्षेत्र में स्थित चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़ और किशनपोल बाजार सहित कई छोटे बड़े बाजारों में रोशनी की सजावट देखने के लिए लोग उमड़ पड़े।


धनतेरस के दिन जहां लोगों ने पूरा दिन खरीदारी में बिताया वही शाम को परिवार सहित सजावट देखने के लिए निकल पड़े। परकोटे के भीतर वाहनों के जाम में फंसने के डर की वजह से ज्यादातर लोगों ने दोपहिया वाहनों पर ही सजावट देखी। धनतेरस की शाम को जैसे ही सजावट का स्विच ऑन हुआ, पूरा जयपुर शहर सतरंगी रोशनी में नहा उठा। इस बार सामूहिक सजावट की दिशा में सभी बाजारों ने अलग-अलग थीम पर काम किया है और एक दूसरे से हटकर सजावट करने की होड़ भी देखने को मिली है।


यही कारण रहा कि कोरोना महामारी के दो दौर झेलने के बाद शहर के बाजारों में फिर से रौनक नजर आई है।  2 साल बाद गुलाबी नगर के हर बाजार में अलग-अलग स्वागत द्वार बनाए हैं, जिससे कि लोगों को सजावट देखने के साथ ग्राहकी के लिए भी आकर्षित कर सके। आपको बता दें कि शहर में सजावट का सिलसिला धनतेरस से लेकर भाई दूज त्योहार तक जारी रहेगा।