श्रीगंगानगर से राकेश मितवा की खबर
चूनावढ़ क्षेत्र के गांव 11 जी हार्निया स्थित गुरूद्वारा सत करतार साहिब में बंदी छोड़ दिवस के उपलक्ष में आयोजित गुरू गोविंद साहिब दो दिवसीय नेशनल स्टाइल कबड्डी कप प्रतियोगिता का समापन समारोहपूर्वक हुआ। इस प्रतियोगिता में विनर मोहनुपरा की टीम रही जबकि उप विजेता हरियाणा के लाखन माजरा की टीम रही। विजेता टीम को 11 हजार व उपविजेता को 5100 का नकद ईनाम तथा चमचमाती ट्राफी आयोजकों की ओरसे भेंट की गई। समापन समारोह पर पंजाब के प्रसिद्ध स्टंट मैन की ओर से ट्रैक्टर के हैरतअंगेज स्टंट दिखाए गए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री जगदंबा अंध विद्यालय के संस्थापक व संचालक स्वामी ब्रह्मदेव ने विजेता व उपविजेता टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया साथ ही युवाओं को ऐसे आयोजनों में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए ताकि युवा वर्ग नशों से दूर रहे। सेवादार जगसीर सिंह ने बताया कि इस दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता में राजस्थान के अलावा पंजाब व हरियाणा की कुल 24 टीमों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि विजेता को ईनाम सुखमणि होम्योपैथिक क्लीनिक पीलीबंगा के संचालक डॉ. राजविन्द्र सिंह की ओर से दिया गया जबकि उपविजेता टीम को 5100 का नकद ईनाम जश्नदीपसिंह बराड़ आस्ट्रेलिया वालों की ओर से दिया गया।
इस मौके पर चैम्बर ऑफ कॉमर्स श्रीगंगानगर के अध्यक्ष बंशीधर जिंदल, गुरूद्वारा बुड्ढा जोहड़ के अध्यक्ष बलकरण सिंह, अंध विद्यालय परिवार के शिवम कोहली, गुरूद्वारा सत करतार साहिब के अध्यक्ष मनजीत सिंह खालसा, बाबा गुरूसाहब सिंह हैप्पी, सेवादार जगसीर सिंह, सीपी बराड़, लखविन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में सेवादार व ग्रामीण उपस्थित थे। इस अवसर पर गुरू का लंगर अटूट बरताया गया।

0 टिप्पणियाँ