जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान मे मौसम के बदलने के साथ ही मौसमी बीमारियों का कहर भी लगातार बढ़ता जा रहा है। खासकर प्रदेश में डेंगू के अब तक सबसे अधिक मामले देखने को मिले हैं। इसके अलावा मलेरिया और चिकनगुनिया के मामलों में भी लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। डेंगू के मामलों में हो रही लगातार बढ़ोतरी के मामले पर प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा का कहना है कि दीपावली के त्यौहार से पहले प्रदेश कोविड-19 संक्रमण की पहली और दूसरी लहर का सामना कर चुका है। अब प्रदेश में मौसमी बीमारियां खासकर डेंगू के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं। शर्मा का कहना है कि मौजूदा समय में प्रदेश में डेंगू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन प्रदेश के चिकित्सक और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ लगातार मरीजों की जान बचाने में लगे हुए हैं। अगर अब तक के दर्ज आंकड़ों की बात की जाए तो प्रदेश में अब तक 11,913 डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं और 28 मरीजों की मौत अब तक दर्ज की गई है। वर्ष 2019 के बाद इस वर्ष सबसे अधिक डेंगू के मामले देखने को मिले हैं। वहीं, राजधानी जयपुर में सबसे अधिक डेंगू के केस दर्ज किए गए हैं।आपको बता दें, कि जयपुर में 2221 मामले डेंगू के सामने आए हैं। जबकि डेंगू से सर्वाधिक मौत अलवर जिले में हुई है। अलवर में डेंगू से 5 मौतें हो चुकी है जबकि जयपुर और दौसा में 4-4 मौत दर्ज की गई है। इसके अलावा प्रदेश में मलेरिया के अब तक 704 और चिकनगुनिया के 881 मामले सामने आ चुके हैं।

0 टिप्पणियाँ