नागौर के कुचामन शहर में दो युवकों द्वारा गैंगरेप के बाद दलित लड़की को एक होटल किनारे सड़क पर फेंक देने के मामले में कई संगीन आरोपों से गिरने के बाद लाइन हाजिर हुए कुचामन CI रामवीर सिंह जाखड़ को रविवार देर रात सस्पेंड कर दिया गया है। उनके साथ ही हेड कांस्टेबल सोहनलाल को भी सस्पेंड कर दिया गया है। अजमेर रेंज IG एस सेंगथिर ने कार्रवाई करते हुए CI जाखड़ व हेड कांस्टेबल सोहनलाल को सस्पेंड कर दिया है। गैंगरेप मामले में हुई पुलिस की किरकिरी के बाद ही ये कार्रवाई की गई है।

CI रामवीर सिंह जाखड़ पर आरोप था कि कुचामन शहर में 5 दिन पहले दो युवकों ने गैंगरेप के बाद नाबालिग दलित लड़की को एक होटल किनारे सड़क पर फेंक दिया था। घटना के बाद पीड़िता की मां उसे लेकर थाने पहुंची, लेकिन यहां उन्होंने मामला दर्ज करने के बजाय दोनों को घर भेज दिया। इसके बाद वो पुलिस हेड कांस्टेबल सोहनलाल के साथ प्राइवेट वाहन में पीड़िता के घर पर गए और मामले को रफा-दफा करने का प्रयास शुरू कर दिया था। आखिरकार लोगों के दबाव के चलते 7 घंटे बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पीड़िता का मेडिकल भी तड़के 3 बजे करवाया गया था। वहीं सामने आया था कि गैंगरेप का एक आरोपी इकबाल कुचामन थाने का खास था और उसका हमेशा यहां आना जाना लगा रहता था।

आज कुचामन बंद का आह्वान
जिले के कुचामन शहर में दो युवकों द्वारा गैंगरेप के बाद अनुसूचित जाति की लड़की को सड़क पर फेंकने की घटना को लेकर कुचामन के लोगों में जबरदस्त गुस्सा और नाराजगी है। मामले में पुलिस की भूमिका पर भी लोगों में गहरा रोष है। सर्व हिंदू समाज के बैनर तले रविवार को बैठक आयोजित कर सोमवार को सम्पूर्ण कुचामन शहर को बंद रखने का निर्णय किया गया है। बंद की अपील को लेकर सोशल मीडिया पर आर्टिकल मैसेज और ऑडियो मैसेज भी साझा किये जा रहे हैं।

वहीं इस दौरान कुचामन थाने में पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने के लिए कोर्ट में जल्द चार्जशीट पेश करने और CI को सस्पेंड सहित पूरा थाना स्टाफ बदलने को लेकर पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।