रीट परीक्षा पेपर लीक और धांधली मामले में बीजेपी युवा मोर्च 11 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेगा। शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा को बर्खास्त करने और रीट में हुई गड़बड़यों की CBI जांच की मांग को लेकर यह प्रदर्शन रखा गया है। राजधानी जयपुर में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां, पार्टी के पदाधिकारी और बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा रैली में शामिल होंगे।

रीट पेपर लीक और परीक्षा में धांधली को लेकर प्रमुख विपक्षी पार्टी बीजेपी का युवा मोर्चा एक बार फिर राज्य की गहलोत सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरने जा रहा है। 11 अक्टूबर को प्रदेशभर के जिलों में भाजयुमो कार्यकर्ता रैलियां और धरने प्रदर्शन करेंगे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां के निर्देशों के बाद युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा ने सभी जिलों में मोर्चा की टीम को एक्टिव करके इस प्रदर्शन को सफल बनाने के निर्देश दे दिए हैं।

जयपुर में विरोध प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को दिया जाएगा ज्ञापन

राजधानी जयपुर में सुबह 11 बजे बीजेपी पार्टी मुख्यालय से एमजीएफ मॉल तक प्रदर्शन करते हुए रैली जाएगी। इस रैली का नेतृत्व भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा करेंगे। इसके बाद राजभवन जाकर राज्यपाल को भी मामले में ज्ञापन देने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार के वक्तव्यों से भी यह स्पष्ट है कि रीट का पेपर लीक हुआ है। मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि जिस परीक्षा केन्द्र पर गड़बड़ी हुई है वहां दोबारा परीक्षा करवाई जा सकती है। लेकिन पूरी परीक्षा दोबारा करवाना समझ से परे है। लेकिन हम सरकार से कहना चाहते हैं कि किसी परीक्षा का पेपर जब लीक हो जाता है। तो वह एक या दो हाथों तक नहीं रहता है। वह मोबाइल फोन , इंटरनेट नेटवर्क के जरिए और एक हाथ से दूसरे हाथ में होकर न जाने कितनी बड़ी संख्या में परीक्षा से पहले ही लोगों तक पहुंच गया। ऐसे में जिन्हें परीक्षा से पहले पेपर मिल गया। उन्हें परीक्षा में एडवांटेज हो गई है। इससे उन लोगों का सलेक्शन हो जाएगा, जिन्होंने पहले से पूरा पेपर पढ़कर परीक्षा में सॉल्व कर दिया। लेकिन मेहनत और ईमानदारी से परीक्षा देने वाले बेरोजगार नौजवानों का हक छिन जाएगा। इसलिए भाजयुमो रीट परीक्षा रद्द करने, शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने और पेपर लीक की सीबीआई जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है।

प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर होंगे विरोध प्रदर्शन

हिमांशु शर्मा ने बताया कि जयपुर समेत सभी जिला मुख्यालय पर मोर्चा जिलाध्यक्ष और पदाधिकारियों के साथ वहां के कार्यकर्ताओं की टीमें विरोध प्रदर्शन करेगी। जिला मुख्यालयों पर बड़े प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके पहले भाजयुमो ने मंडल लेवल पर रीट परीक्षा पेपर लीक मामले में विरोध प्रदर्शन किया था। अब हर जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।