उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

पाली जिले के जैतारण विधानसभा से कांग्रेस नेता और यूथ कांग्रेस के पूर्व महासचिव,प्रदेश प्रवक्ता रहे युवा नेता मोहब्बत सिंह निंबोल का मंगलवार को हार्टअटैक से निधन हो गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की लसाड़िया में हुई सभा के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया। मोहब्बत सिंह लसाड़िया में चुनाव और मुख्यमंत्री की सभा सहित कई जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। अचानक हार्ट अटैक आने से मोहब्बत सिंह को लसाड़िया पीएचसी ले जाया गया। यहां उन्हें प्राथमिक उपचार देकर एम्बुलेंस से उदयपुर रैफर कर दिया गया। यहां से गीतांजलि अस्पताल उदयपुर पहुंचने से पहले ही मोहब्बत सिंह का निधन हो गया। उनके साथ लसाड़िया से उदयपुर तक मौजूद रहे यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह झाला ने बताया कि अटैक काफी सीवीयर था। 

इस अटैक का सीधा असर मोहब्बत सिंह के दिमाग पर पड़ा। इसके चलते उनका शरीर और दिमाग अटैक को संभाल नहीं पाया और उनकी मौत हो गई। फिलहाल मोहब्बत सिंह का शव गीतांजलि की मोर्चरी में रखवाया गया है। उनके परिवार को सूचित किया गया है। उनका परिवार देर शाम तक उदयपुर पहुंचेगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मोहब्बत सिंह के निधन पर शोक जताया है। और परिवार को इस गहरे सदमे से उबरने की भगवान से प्रार्थना की है।