जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में बढ़ती महंगाई और अपराध पर गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदेश भर में हल्ला बोल आंदोलन किया। इसके तहत प्रदेश के अलग-अलग उपखंड पर भाजपा से जुड़े नेता और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। जयपुर में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेताओं ने पैदल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा बढ़ते बिजली के बिल और अपराधों सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेर रही है। जबकि कांग्रेसी पेट्रोल-डीजल में हो रही बढ़ोतरी पर मोदी सरकार पर निशाना साध रहे हैं।जयपुर में सिविल लाइंस इलाके में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पैदल मार्च निकाला। राम नगर मेट्रो स्टेशन से शुरू हुआ पैदल मार्च हटवाड़ा रोड पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की गहलोत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि गहलोत सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। राज्य में बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो गई। चतुर्वेदी ने कहा जिन वादों के साथ कांग्रेस सत्ता में आई वह अधूरे हैं। किसानों की कर्जमाफी नहीं हुई।  बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता नहीं मिला। मालवीय नगर इलाके में विधायक कालीचरण सराफ के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। जयपुर शहर भाजपा अध्यक्ष राघव शर्मा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट कार्यालय में ज्ञापन देने का कार्यक्रम तय किया गया। वही पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया जोधपुर ओसियां में हल्ला बोल कार्यक्रम में शरीक हुए।