जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान सरकार ने रोडवेज पर रेस्मा लगाने के एक दिन बाद जेसीटीएसएल बसों पर भी रेस्मा लागू कर दिया है। सरकार ने 21 अक्टूबर से 3 महीने के लिए यह रेस्मा लगाया है , इस दौरान जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड सेवाएं, कार्यालय संबंधित क्रियाकलाप अति आवश्यक सेवा घोषित रहेगी मतलब जेसीटीएसएल कर्मचारी हड़ताल पर नही जा सकते हैं।
दरअसल रेस्मा लागू होने के बाद अब जेसीटीएसएल कर्मचारी और उससे संबंधित लोग हड़ताल नहीं कर पाएंगे। सरकार ने 21 अक्टूबर से 3 महीने के लिए रेस्मा यानी Rajasthan Essential Services Maintenance Act लगाया है। इस फरमान को मुख्यमंत्री की सहमति के बाद गृह विभाग ने जारी किया है।आदेश के अनुसार राज्य सरकार ने राजस्थान अत्यावश्यक सेवाऐं अनुरक्षण अधिनियम, 1970 की धारा 2 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राजस्थान जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड की समस्त सेवाओं, कार्यालयों और उनके क्रियाकलापों से संबंधित सेवाओं को 21 अक्टूबर से आगामी तीन माह तक अत्यावश्यक सेवा घोषित कर दिया है। बताया जा रहा है कि राज्य सरकार ने दिवाली का त्यौहार और आने वाले दिनों में होने वाली पटवारी सहित अन्य परीक्षाओं को देखते हुए यह रेस्मा लगाई है। बता दें कि 1 दिन पहले ही गृह क्षविभाग ने आदेश जारी कर राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों की हड़ताल पर भी रोक लगाते हुए 20 अक्टूबर से आगामी 3 महीने के लिए रेस्मा लगाई हुई है।

0 टिप्पणियाँ