जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

राजस्थान के बेरोजगारों के लिए यह बड़ी खबर है। गहलोत सरकार  ने आखिरकार बहुप्रतीक्षित कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती के लिए राजस्थान के लिए नोडल एजेंसी नियुक्त कर इसका सिलेबस भी जारी कर दिया है। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। शिक्षा मंत्री डोटासरा ने ट्वीट किया कि प्रदेश के युवाओं से किए गए वादे के अनुसार कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती को जल्द पूरा करने के लिए सभी विभागीय प्रक्रियाओं को जल्द पूरा किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती परीक्षा के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही भर्ती का सिलेबस भी जारी कर दिया गया है। शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक के 9,862 और वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक के 295 पदों पर यह भर्ती होगी। आपको बता दें कि पहले सरकार ने संविदा पर कंप्यूटर अनुदेशकों की भर्ती करने का फैसला किया था। बेरोजगार युवाओं के विरोध के बाद नियमित भर्ती करने का फैसला लिया गया है।