चित्तौड़गढ़ से गोपाल चतुर्वेदी की रिपोर्ट।
चित्तौड़गढ़ जिले के सबसे बड़े जिला राजकीय श्री सांवलियाजी चिकित्सालय में रविवार रात्रि को ड्यूटी पर तैनात महिला नर्सिंग कर्मी कमलेश जाट के साथ हुई मारपीट और धक्का-मुक्की का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। इसी को लेकर राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन की ओर से दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा को एक ज्ञापन सौंपा। राजस्थान नर्सिंग एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष मुकेश उज्जवल ने बताया की रविवार रात्रि को आपातकालीन सेवा में अपनी ड्यूटी दे रही महिला नर्सिंग कर्मी कमलेश जाट के साथ शराब नशे की हालत में अपना उपचार करवाने आए तीन व्यक्तियों ने मारपीट और अभद्रता की थी। जिसमें से प्रताप नगर निवासी एक युवक युवराज सिंह को मौके से पकड़कर सदर थाना पुलिस के हवाले किया था।लेकिन 3 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक पुलिस द्वारा मामले मे शेष 2 दोषियों की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी। जिसके कारण समस्त नर्सिंग कर्मियों में रोष व्याप्त है।उन्होंने बताया कि वर्तमान में समस्त चिकित्सा कर्मी अपने कार्य को निष्ठा के साथ पूरा कर रहे हैं। लेकिन इस प्रकार की घटना के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होना सभी कार्मिकों में भय को बढ़ाता है।उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर को पूरी घटना से अवगत कराया गया है।उन्होंने प्रशासन को आग्रह किया कि अगर शीघ्र ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती है तो मजबूर होकर समस्त नर्सिंग कर्मियों को आंदोलन की राह पकड़नी पड़ेगी।जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन से जुड़े सैकड़ों की संख्या में नर्सिंग कर्मी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ