बाड़मेर ब्यूरो रिपोर्ट।
सीमा सुरक्षा बल वेस्टर्न कमांड के एडीजी एनएस जामवाल ने पहली बार गुजरात फ्रंटियर के बाड़मेर की सीमा चौकियों का दौरा किया। इस दौरान अमृत महोत्सव में साइकिल यात्रा कार्यक्रम में भी वे शामिल हुए। वहां उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान और पंजाब में पाकिस्तान ड्रोन से हथियार और ड्रग्स सप्लाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस इलाके की सीमा जिस देश से लगती है, उससे हमारा इतिहास अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले वह जम्मू कश्मीर में थे। जम्मू कश्मीर के बारे में अब सभी सुनते होंगे कि लगातार आतंकवाद की घटनाएं वहां हो रहीं हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। एडीजी एनएस जामवाल ने कहा कि राजस्थान और पंजाब की सीमा पर पाक अपनी गतिविधियां बढ़ा रहा है और ड्रोन के जरिए हथियार से लेकर ड्रग्स तक सप्लाई किए जा रहे हैं। ऐसे में अब दुश्मन देश को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए सीमा सुरक्षा बल के साथ आमजन की भागीदारी बेहद जरूरी है। सीमा सुरक्षा बल की ओर से अमृत महोत्सव के तहत साइकिल यात्रा का आगाज किया गया था। इस दौरान एडीजी ने जवानों के साथ ही ग्रामीणों को भी संबोधित किया। अपने संबोधन में पाक पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान और पंजाब में पाकिस्तान ड्रोन के जरिए ड्रग्स और हथियार सप्लाई कर रहा है।

0 टिप्पणियाँ