जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य मंत्रिमंडल और मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। इसी दिन पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी जयपुर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री निवास पर पंजाब मुख्यमंत्री के सम्मान में भोज कार्यक्रम रखा गया है। दरअसल पंजाब के नवनियुक्त मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी प्रदेश के राजस्व मंत्री हरीश चौधरी के साथ जयपुर आएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास में उनके सम्मान में भोज कार्यक्रम रखा गया है। जिसमें राज्य मंत्री परिषद के सदस्य भी शामिल होंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री के सम्मान में यह कार्यक्रम दोपहर 12:00 बजे दिया जाएगा। शाम 5:00 बजे कैबिनेट और मंत्रिपरिषद की बैठक होगी।  कैबिनेट मंत्री परिषद में प्रशासन शहरों के संग अभियान की समीक्षा और उससे जुड़े कुछ निर्णय कैबिनेट की बैठक में लिए जा सकते हैं। इसी के चलते मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों के दौरे के कार्यक्रम में भी बदलाव किया गया है। अब 5, 6, 7 अक्टूबर के बजाय 6, 7 और 8 अक्टूबर को प्रभार वाले जिलों में मंत्री अपना दौरा करेंगे।