जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
पूर्व संसदीय सचिव भवानी सिंह राजावत ने एक बार फिर वसुंधरा राजे के समर्थन में बड़ा बयान दिया है। राजावत ने कहा है कि वसुंधरा राजे एकमात्र चमत्कारी नेता हैं, जहां वे जाती हैं, वहां जनसैलाब उमड़ता है। भारतीय जनता पार्टी आलाकमान को राजे को अगले प्रदेश चुनाव के लिए प्रोजेक्ट करना ही पड़ेगा। राजावत केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को संवेदना व्यक्त करने के लिए जोधपुर आए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भले ही दावा कर ले, लेकिन प्रदेश में सरकार भाजपा की ही बनेगी। भाजपा की केंद्र सरकार लगातार जनहित के कार्य कर रही है। वहीं, अशोक गहलोत सरकार में बेरोजगारी बढ़ी है, कानून व्यवस्था का आलम सबके सामने है। राजावत ने गहलोत द्वारा भाजपा नेताओं को मूर्ख बताया जाने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस में मूर्खों की कमी नहीं है। पूरा मंत्रिमंडल ही मूर्खों से भरा हुआ है।राजावत ने कहा कि जल शक्ति मंत्री हर घर में जल पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। पूर्व की वसुंधरा सरकार ने भी इंदिरा गांधी नहर का पानी राज्य के कई हिस्सों में पहुंचाया था, जिसे वे आगे बढ़ा रहे हैं। गौरतलब है कि भवानी सिंह अगले चुनाव में बतौर मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में वसुंधरा को प्रोजेक्ट करने की मांग करते आए हैं।

0 टिप्पणियाँ