भाजपा ने संगठनात्मक फेरबदल करते हुए 19 जिलों में नए प्रभारी और सह प्रभारी लगाए हैं। भरतपुर के पहले प्रभारी जयपुर सांसद रामचरण बोहरा डेढ़ साल में सिर्फ 3 बार ही आए थे। यहां तक कि वे पंचायत चुनाव में भी नदारद रहे। इसलिए अब अलवर से दो बार विधायक रहे बनवारीलाल सिंघल को भरतपुर की कमान सौंपी है। उन्हें प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया के निकट समझा जाता है। इसलिए स्थानीय संगठन में भी कुछ नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि पार्टी में भरतपुर को लेकर प्रदेश स्तरीय एक बड़े नेता का हस्तक्षेप रहता आया है। लेकिन, हाल के 3 महीनों में युवा माेर्चा, किसान माेर्चा, महिला मोर्चा में नियुक्ति और पंचायत चुनावों में उनकी नहीं चली। प्रभारी सिंघल की नियुक्ति को भी इसी क्रम में माना जा रहा है। अब ऐसी उम्मीद लगाई जा रही है कि अब तक निष्क्रिय रहने के बाद भी पद कब्जाए हैं, उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। भरतपुर में सह प्रभारी के तौर पर गोवर्धन जादौन को लगाया है।

0 टिप्पणियाँ