ब्यूरो रिपोर्ट।

देश की तेल कंपनियों की ओर से लगातार दसवें दिन भी ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का दौर जारी रहा। रविवार को भी पेट्रोल पर 32 पैसे और डीजल की कीमत में 38 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। अब जयपुर में पेट्रोल ₹111. 28 पैसे  और डीजल ₹102. 28 पैसे प्रति लीटर हो गया है। जिस तरह से पेट्रोल और डीजल महंगे हो रहे हैं उसका आमजन के बजट पर सीधा असर पड़ रहा है। अब पेट्रोल वाहन भी लोग जरूरत के आधार पर ही चला रहे हैं। जरूरी होने पर ही वाहन का इस्तेमाल किया जाता है। वहीं डीजल भी लगातार महंगा होने से माल भाड़ा भी उसी के अनुरूप बढ़ रहा है, इसका सीधा असर बाजार पर भी देखा जा रहा है। हर वस्तु के दाम पिछले 1 महीने के दौरान 5 से 10% तक बढ़ चुके हैं। आपको बता दें कि पहले तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ज्यादा से ज्यादा 20 से 25 पैसे की बढ़ोतरी करती थी। जिससे दोनों उत्पादों की कीमतों में एक रुपए तक महंगा होने में लगभग 1 सप्ताह का समय लग जाता था लेकिन अब कंपनियों की ओर से रोजाना 35 से 38 पैसे प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की जा रही है। ऐसे में डीजल और पेट्रोल महज दो-तीन दिन में ही ₹1 महंगा हो रहा है।