जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

दशहरा पर बीजेपी महिला मोर्चा ने जयपुर में शिक्षा राज्यमंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा का रावण रूपी पुतला बनाकर फूंका। अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्री की ओर से महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया। बीजेपी महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष अल्का मूंदड़ा के निर्देश पर जयपुर शहर महिला मोर्चा अध्यक्ष अनुराधा माहेश्वरी और मोर्चा की महिला कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यालय से सिविल लाइंस फाटक की ओर रावण का पुतला लेकर कूच किया। जब रास्ते मेें बैरिकेट्स लगाकर पुलिस ने रोका तो नारेबाजी और प्रदर्शन कर वहीं पर शिक्षा मंत्री का रावण रूपी पुतला जला दिया गया।_

महिलाओं का अपमान करने वाला शिक्षा मंत्री तुरंत हो बर्खास्त।

बीजेपी महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष अल्का मूंदड़ा के निर्देश पर मोर्चा की जयपुर जिलाध्यक्ष अनुराधा माहेश्वरी, प्रदेश उपाध्यक्ष जयश्री गर्ग, प्रदेश मंत्री बादाम वर्मा और दीपा नाथावत , कार्यालय मंत्री सुमन मीणा,प्रदेश मीडिया प्रभारी स्नेहा काम्बोज समेत महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जमकर शिक्षा राज्यमंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की और तख्तियां लहराते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की। जिलाध्यक्ष अनुराधा माहेश्वरी ने कहा कि शिक्षा राज्यमंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने अपने बयान से महिलाओं का अपमान और तिरस्कार किया है। यह हम महिलाएं कतई स्वीकार नहीं करेंगी। ऐसे शिक्षा मंत्री को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है, जो महिलाओं को झगड़ों की वजह मानता हो या झगड़ा करने वाली मानता हो। उन्हें तुरंत पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए।

बालिका दिवस और नवरात्र में ऐसे बयान से महिलाओं के लगी ठेस।

जिलाध्यक्ष माहेश्वरी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस और मातृ शक्ति की पूजा के सबसे बड़े महोत्सव नवरात्र के दौरान इस तरह का बयान और भी दुख और ठेस पहुंचाने वाला है। हमारी मांग है कि तुरंत प्रभाव से डोटासरा अपने पद से इस्तीफा दें। ऐसा नहीं होने पर मुख्यमंत्री से मांग है कि उन्हें पद से बर्खास्त करें। उन्होंने कहा वैसे भी मौजूदा शिक्षा मंत्री के कार्यकाल में अलग अलग प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और धांधली का रिकॉर्ड बना है। जोकि उनका फेलियोर बताता है। इसके बाद एडीएम इकबाल खान को कलेक्ट्रेट में बीजेपी महिला मोर्चा की ओर से ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें शिक्षा राज्यमंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा को शिक्षा मंत्री पद से हटाने की मांग मुख्यमंत्री से की गई।

मंत्री ने कहा था जिन स्कूलों में महिला स्टाफ ज्यादा,वहां झगड़े भी ज्यादा।

शिक्षा राज्यमंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने जयपुर के ओटीएस में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कहा था कि स्कूलों में जहां महिला शिक्षकों और स्टाफ की संख्या ज्यादा होती हैं। वहां झगड़े भी ज्यादा होते हैं। वहां से मेरे पास रिपोर्ट आती है। उन्होंने आगे कहा कि ये बातें उन्हें पुरूषों से आगे दौड़ने से रोकता है। प्रमुख रूप से मेरे विभाग के लिए मुझे बताना होगा कि ज्यादा महिला कर्मचारियों वाले स्कूलों में अलग-अलग कारणों से ज्यादा झगड़े होते हैं। उन्होंने आगे महिलाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि अगर आप इन छोटी-छोटी बातों को सुधार लेते हैं,तो हमेशा के लिए अपने आप को पुरूषों से आगे पाएंगे।