भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र में महुआ के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक के पंक्चर टायर को बदल रहे तीन चालक और परिचालक को एक तेज रफ्तार कार ने बुरी तरह से रौंद दिया। कार की ओवरस्पीड का शिकार हुए 2 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि एक अन्य की गंभीर हालत में आरबीएम जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। तीनों मृतकों के शव आरबीएम जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह दो ट्रक साथ मे भरतपुर से जयपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक का टायर महुआ के पास पंक्चर हो गया। ऐसे में दोनों ट्रकों के चार चालक और परिचालकों ने मिलकर ट्रक के पंक्चर टायर को बदलने का काम शुरू किया। इस दौरान एक व्यक्ति ट्रक मालिक को फोन पर सूचना देने के लिए थोड़ा साइड में चला गया। तभी एक तेज रफ्तार कार आई और टायर बदल रहे तीन चालक और परिचालकों को रौंद दिया। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और तीनों को लेकर आरबीएम जिला अस्पताल पहुंची। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीसरे गंभीर को भी मृत घोषित कर दिया। तीनों के शव आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं। पुलिस और परिजनों की मौजूदगी मे पोस्टमार्टम की कारवाई की जायेगी।