ब्यूरो रिपोर्ट।
तेजी से हो रहे जलवायु परिवर्तन का माहौल अब राजस्थान में भी नजर आने लगा है। इस बार मौसम विभाग की सूचना के विपरीत राजधानी जयपुर में अक्टूबर महीने की सबसे तेज बरसात रिकॉर्ड की गई है। दोपहर बाद जयपुर में हुई बारिश के दौरान शहर की सड़कें लबालब हो गईः चारों तरफ पानी बरसा। विभाग के अनुसार लगभग 1 घंटे तक हुई बरसात के दौरान जयपुर में 1 इंच बारिश दर्ज की गई। कई जगह बारिश के चलते हालात खराब हो गए। अंडरपास में पानी भर गया और सड़कें लबालब हो गई। बारिश के चलते कई इलाकों में देर रात तक ट्रैफिक जाम रहा। शहर के पूर्वी उत्तरी इलाके में स्थित आमेर में भी जोरदार बारिश दर्ज की गई। आमेर घाटी के पास स्थित जल महल में झील और सड़क का लेवल बराबर नजर आया। जहां देखो चारों तरफ पानी ही पानी नजर आया। जानकारी के अनुसार अक्टूबर महीने में शहर में यह दृश्य पहली बार नजर आए कि जहां बारिश के चलते इतनी परेशानी हुई हो। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का यह दौर 6 अक्टूबर तक जारी रहने की संभावना है। तेज बारिश से राजधानी के कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जिसे निकालने के लिए देर रात तक कवायद जारी रही। आपको बता दें कि शुक्रवार को भी राजधानी में 1 घंटे तक झमाझम बारिश हुई थी, लेकिन यह सिर्फ उत्तरी इलाकों में ही सिमट कर रह गई थी। इसके बाद शनिवार सुबह सुबह से ही तेज धूप का माहौल था। दोपहर 2:00 बजे तक उमस के चलते तेज गर्मी का एहसास हो रहा था। शाम 3:00 बजे बाद लगभग 1 घंटे हुई बरसात में शहर का माहौल खुशनुमा कर दिया।


0 टिप्पणियाँ