डूंगरपुर ब्यूरो रिपोर्ट
डूंगरपुर डीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने के कारखाने का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मौके से दो बंदूक सहित अन्य सामान को जब्त कर एक आरोपी को भी हिरासत में लिया है। जिला स्पेशल टीम के प्रभारी दिलीपदान ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। आसपुर थाना क्षेत्र के टोकवासा गांव में एक घर में अवैध रूप से हथियार बनाने का कारखाना चल रहा था। इस पर डीएसटी हेड कांस्टेबल नवीन कुमार के नेतृत्व में टीम ने टोकवासा में गौतमलाल पंचाल के रिहायशी इलाके के पास बने एक कमरे में दबिश दी। घर में गौतमलाल पंचाल बंदूक बनाने का काम कर रहा था। घर की तलाशी के दौरान दो टोपीदार बंदूक समेत पाइप, बैरल सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को भी हिरासत में लेते हुए आसपुर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है।

0 टिप्पणियाँ