जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

पाकिस्तानी महिलाओं से सोशल मीडिया पर सम्पर्क में आकर हनी ट्रैप का शिकार होकर सैन्य क्षेत्र की गोपनीय सूचनाएं भेजने के मामले में सेना की खुफिया एजेंसियों ने जोधपुर मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस के एक कर्मचारी को हिरासत में लिया है। सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एमईएस में मल्टी टास्किंग सर्विस में कार्यरत राम सिंह पर एजेंसियों की लंबे समय से नजर थी। वह व्हाट्सअप के माध्यम से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI को देश की गोपनीय व सामरिक सूचनाएं सीमा पार भेज रहा था।बताया जा रहा है कि बीते तीन माह में उसने कई जानकारियां भेजी हैं, जिसको लेकर पिछले तीन दिनों से जोधपुर में पूछताछ की जा रही थी। मंगलवार को उसे खुफिया एजेंसियां जयपुर ले आई है। जयपुर में उससे कई एजेंसियां संयुक्त रूप से पूछताछ करेंगी। बताया जा रहा है कि बीते 3 माह में उसने कई जानकारियां भेजी हैं, जिसको लेकर पिछले 3 दिनों से जोधपुर में पूछताछ की जा रही थी।  प्रारंभिक पूछताछ और पड़ताल में उसके फोन से कई महत्वपूर्ण जानकारियां एजेंसियों को मिली हैं। राम सिंह मूलतः सिरोही जिले का रहने वाला है।