ब्यूरो रिपोर्ट।
राजधानी जयपुर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को खाड़ी देश शारजाह से आए युवक के पास 73 लाख से भी अधिक कीमत का सोना बरामद हुआ है। यह युवक शारजाह में कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता है। कस्टम विभाग के अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान जब युवक पर शक हुआ तो उसे अलग ले जाकर उसकी गहनता से पड़ताल की गई। इस दौरान युवक की बेल्ट स्ट्रीप और अंडर गारमेंट में छुपा सोना बरामद हुआ। सोने का वजन लगभग डेढ़ किलोग्राम है। इसकी कीमत 73 लाख रुपए से भी ज्यादा बताई गई है। पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि शारजाह एयरपोर्ट पर उसे एक व्यक्ति मिला था जिसने यह सोना भारत पहुंचाने की बात कही थी। उसके बदले उसकी एयरट्रीप फ्री करने का ऑफर किया था। लालच में आकर उस व्यक्ति ने यह ऑफर स्वीकार कर लिया लेकिन जयपुर एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर भारत भूषण अटल की टीम ने उसके डर को भांप लिया और जब गहनता से पड़ताल की गई तो सोना बरामद हो गया। पूछताछ के दौरान उस युवक ने बताया कि जिसने उसे यह ऑफर दिया था उसे वह जानता नहीं लेकिन उस व्यक्ति ने यह कहा था कि सोने के पैकेट लेने वाला व्यक्ति उसे बाहर निकलते ही पहचान लेगा लेगा, उसे सोना देना है। लेकिन एयरपोर्ट के बाहर आने से पहले ही शारजाह से आया युवक कस्टम विभाग के अधिकारियों की गिरफ्त में आ गया। आपको बता दें कि पिछले कई वर्षों से जयपुर एयरपोर्ट पर खाड़ी देशों से तस्करी के जरिए लाए गए सोने की बरामदगी की मामले काफी बढे़ हैं। तस्कर नए-नए तरीके छुपा करके सोना लाते हैं लेकिन कस्टम विभाग की कड़ी नजर से कई बार सोना पकड़ में आ जाता है।

0 टिप्पणियाँ