ब्यूरो रिपोर्ट।

राजधानी जयपुर के पॉश इलाके आदर्श नगर स्थित फ्रंटियर कॉलोनी में नौकरों ने मालिक के विश्वास को धता बताते हुए उनकी  गैरमौजूदगी में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। हाल ही में लगाई गई एक नौकरानी ने पुरानी नौकरानी को विश्वास में लेकर दो पुराने  नौकरों को बेहोशी मिली दवा पिलाई और सोने चांदी की ज्वेलरी सहित लाखों की नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। वारदात का पता सुबह चला जब दूध वाले ने बार-बार आवाज देने के बावजूद किसी को नहीं आता देखकर दरवाजा खोला।  मुख्य दरवाजे के साथ खुला ग्राउंड फ्लोर के सभी दरवाजे खुले मिले। उसने ये बात पड़ोसियों को बताई। पड़ोसियों ने जब अंदर जाकर देखा तो पुरानी नौकरानी कांता सहित 1 घरेलू नौकर बेहोश पड़े हुए मिले। इसके साथ ही सभी अलमारियों के दरवाजे खुले हुए मिले। इसके बाद आदर्श नगर पुलिस थाना को सूचना दी गई तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मकान मालिक को वारदात की सूचना दी और बेहोश पड़े नौकरों को s.m.s. अस्पताल भर्ती कराया। एडिशनल डीसीपी (पूर्व) राज ऋषि वर्मा ने बताया कि फ्रंटियर कॉलोनी में मकान नंबर 114 में रहने वाले वीरेंद्र जैन साबुन का व्यवसाय करते हैं। वीरेंद्र जैन अपने परिवार सहित रिश्तेदारी के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए पंजाब के लुधियाना में गए थे। पीछे से घर में सिर्फ घरेलू नौकर थे, इनमें दो पुराने नौकर थे और जिस ने वारदात को अंजाम दिया वह नौकरानी संगीता थापा एक महीने पहले ही रखी गई थी। दिल्ली की एक प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए और वीरेंद्र जैन के परिवार की पुरानी नौकरानी गंगा के कहने पर संगीता थापा को रखा गया था। पुलिस को आशंका है कि संगीता ने घर के पुराने नौकरों को बेहोशी की दवा दवा पिलाई और अपने सहयोगियों के साथ वारदात को अंजाम देकर फरार हो गई। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में संगीता थापा के साथ दो अन्य युवक मिले हैं जो रात को लगभग 10:30 बजे अपने कंधे पर बैग लटकाए हुए घर से बाहर निकलते हुए सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए हैं। पुलिस ने फरार नौकरानी की तलाश में कई टीमें तैनात की है। इनमें से एक टीम नेपाल भी गई है। पुलिस के अनुसार फरार नौकरानी संगीता थापा नेपाल की रहने वाली है। पुलिस दिल्ली की प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए उसके रिकॉर्ड का पता लगाकर उसे खोजने की अभियान में जुट गई है।