राजस्थान में रीट और सब इन्स्पेक्टर परीक्षा को लेकर विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। परीक्षा के दौरान पेपर लीक प्रकरण को लेकर अब प्रदेशभर के बेरोजगार जयपुर में महापड़ाव डालेंगे। बेरोजगार एकीकृत महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि परीक्षा में हुई धांधली के बावजूद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही। जबकि विरोध करने पर बेरोजगार युवाओं को जेल में डाला जा रहा है। जिसके खिलाफ अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। जिसके तहत 5 अक्टूबर को प्रदेशभर के हजारों युवा सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे।

अबकी बार होगी आर पार की लड़ाई

राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने कहा की कुछ लोग बेरोजगारों के आंदोलन को दबाना चाहते है। लेकिन ऐसा कभी नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सरकार मुझे गिरफ्तार कर सकती है। लेकिन बेरोजगारों की आवाज नहीं दबा सकती है। ऐसे में जब तक रीट और सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा की CBI से जांच होने के साथ दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। तब तक प्रदेशभर के लाखों बेरोजगारों का आंदोलन जारी रहेगा।

नकल गिरोह में शामिल राजनेताउपेन ने कहा कि राजस्थान में एक बड़ा नकल गिरोह काम कर रहा है। जो हर भर्ती परीक्षा से पहले ही पेपर आउट कर लाखों बेरोजगारों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। जिसमें कई राजनेता भी शामिल हैं। जिन्हें में जल्द ही बेनकाब करूंगा। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। तभी प्रदेश के लाखों बेरोजगारों को न्याय मिल सकेगा। इसके साथ ही प्रदेश में नकल पर नकेल कसने के लिए कानून भी बनाया जाना चाहिए। तभी भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लग पाएगा।

पुलिस ने उपेन को किया था गिरफ्तार30 सितंबर को रीट और सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में हुई धांधली के खिलाफ प्रदेशभर के युवा उपेन यादव के नेतृत्व में जयपुर में महापड़ाव डालने वाले थे। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उपेन को 3 महीने पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर उपेन को रिहाई को लेकर कैंपेन शुरू हो गया। जो देशभर में नंबर वन ट्रेंड करने लगा। वहीं युवाओं के बढ़ते विरोध के बाद गुरुवार देर शाम पुलिस ने उपेन को रिहा कर दिया। जिसके बाद उपेन बेरोजगारों के साथ में एक बार फिर आंदोलन की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।