बाड़मेर ब्यूरो रिपोर्ट।
बाड़मेर के राजकीय बालिका विद्यालय में गुरूवार को भाषण के दौरान एक छात्रा ने कहा कि स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या ज्यादा है, लेकिन कमरे कम हैं। 5 कमरों की जरूरत है। इस पर कार्यक्रम में मौजदू कांग्रेस विधायक मेवाराम जैन ने 5 कमरों के निर्माण की घोषणा कर दी।
दरअसल बाड़मेर से एक मामला सामने आया है, जहां एक स्कूली छात्रा ने अपनी स्पीच में विद्यालय में 5 कमरों की आवश्यकता जताई और कार्यक्रम में मौजूद विधायक अपना भाषण देने आए, तो हाथों-हाथ कमरों के निर्माण की घोषणा कर दी। बाड़मेर के सबसे बड़े राजकीय बालिका विद्यालय में कई योजनाओं का उद्घाटन कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एक छात्रा मंच पर भाषण देने आई। उसने विद्यार्थियों की पीड़ा बताते हुए कहा कि स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या ज्यादा है, लेकिन कमरे कम हैं। 5 कमरों की और आवश्यकता है। इसके बाद जब कांग्रेस विधायक मेवाराम जैन अपना भाषण देने आए, तो उन्होंने सबसे पहले 5 कमरों की घोषणा की। जैन ने कहा कि तीन कमरे यहां बैठे भामाशाह दे रहे हैं और दो कमरे मैं अपने कोटे से दे रहा हूं। इसके अलावा भी अगर विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए कुछ चाहिए, तो बताओ मैं देने के लिए तैयार हूं। विधायक ने कहा कि 5 कमरों का ऐलान तो मैंने अभी कर दिया है। इसके साथ ही 5 लाख रुपए का फंड भी दे रहा हूं, जिससे आप अपने स्कूल का पूरी तरीके से विकास करवा सकते हैं। क्योंकि यह सरकारी विद्यालय किसी भी निजी स्कूल से कम नहीं है, इसलिए मैं इन सभी भामाशाह को लेकर लगातार यहां आता रहता हूं।स्कूल की छात्राओं ने अपनी स्पीच में कहा कि यह सरकारी विद्यालय किसी भी निजी स्कूल से कम नहीं है क्योंकि यहां पढ़ाई के साथ ही हर तरह की सुविधा है। यह सब भामाशाहों की मदद से संभव हो पाया है। हम उम्मीद करते हैं कि आप आगे भी इसी तरीके से हमारी मदद करते रहेंगे।

0 टिप्पणियाँ