नागौर से शबिक उस्मानी।
नागौर जिले के कोतवाली थाना इलाके में नवरात्रा महोत्सव के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान जाजोलाई नाड़ी में बड़ा हादसा हो गया। विसर्जन के बाद एक 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि 5-7 अन्य युवकों ने तैरकर किसी तरह अपनी जान बचाई। सुचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस व वहां मौजूद लोगों ने शव की तलाश में उपखण्ड अधिकारी सुनील पवार की मौजूदगी में करीब दस गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। मृतक की शिनाख्त हो गई है। हादसे से कुछ क्षण पहले का एक वीडियो भी सामने आया है। शहर में एक क्षेत्र में स्थापित मातेश्वरी की मूर्ति का शाम को विसर्जन किया जा रहा था। कुछ युवक मूर्ति लेकर जाजोलाई नाड़ी में आगे बढे और मूर्ति को विसर्जित कर दिया। विसर्जन कार्यक्रम के बाद कुछ युवक नाड़ी में ही रुक गए और नाड़ी के पानी में तैरने लग गए। इस दौरान सुरेश सांसी निवासी कुम्हारी दरवाजा गहराई में पहुंच गया और डूब गया। घबराकर दूसरे युवक जैसे-तैसे तैरकर तुरंत बाहर निकले। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने शव की तलाश शुरू की। कोतवाली CI बृजेन्द्र सिंह सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंच गया है और गोताखोरों की मदद से शव की तलाश की जा रही है। मौके पर आरएसी का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया।

0 टिप्पणियाँ