अवनीश पाराशर।

पूर्व मंत्री सपोटरा विधायक रमेश मीणा ने कहा है कि सरकार की मंशा ग्रामीणों को घर बैठे उनकी समस्याओं के समाधान और विकास से जोड़ना है। अधिकारी कर्मचारी इसी मंशा से ग्रामीणों को लाभान्वित करने का कार्य करें। विधायक रमेश मीणा मामचारी ग्राम पंचायत में आयोजित प्रशासन गांव की ओर शिविर में हिस्सा ले रहे थे। शिविर में जिला परिषद सीईओ महावीर सिंह नायक करौली एसडीएम धीरेंद्र सोनी तहसीलदार महेंद्र गुप्ता भी मौजूद रहे। विधायक मीणा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से शिविर की प्रगति रिपोर्ट ली। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का संदेश दिया। शिविर में ग्रामीणों ने बिजली पानी अतिक्रमण सहित अन्य समस्याएं रखी जिनका विधायक ने अधिकारियों को निर्देश देकर शिविर में ही समाधान करवाया। जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र पेंशन इंदिरा आवास आदि को लेकर भी विधायक में एसडीएम और जिला परिषद सीईओ को निर्देश देकर तत्काल ग्रामीणों को लाभान्वित करवाया। विधायक ने कहा कि शिविर से पहले विभिन्न विभागों के अधिकारी ग्रामीणों को प्रचार प्रसार कर जागरूक करें जिससे शिविरों की सार्थकता सामने आ सके। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शिविर प्रगति की जानकारी भी दी। जबकि कई विभागों की लाचार प्रगति पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए सुधार की भी आवश्यकता जताई। ग्राम पंचायत मामचरी सरपंच आलोक मीना सहित प्रमुख पंच पटेलों ने विधायक का माला साफा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर शिविर में सुरेश बिंदापुरा, रमेश मीणा सरपंच, गिर्राज मीणा, अखिलेश मीना, रमन,  सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। 

विधायक ने किया पट्टा वितरण

मामचारी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित शिविर में विधायक रमेश मीणा जिला परिषद सीईओ महावीर सिंह नायक और करौली एसडीएम धीरेंद्र सोनी ने ग्रामीणों को पट्टों का वितरण किया। इसके अलावा स्वास्थ्य कार्ड श्रमिक डायरियो का भी वितरण किया गया। विधायक ने खाद्य सुरक्षा योजना के फॉर्म तैयार कराने विकलांग प्रमाण पत्र सिलिकोसिस प्रमाण पत्र को लेकर भी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। 

विकास कार्यों की घोषणा

मामचारी गांव पहुंचे विधायक रमेश मीणा के समक्ष ग्रामीणों ने विकास कार्यों की मांग रखी। ग्रामीणों की मांग पर विधायक रमेश मीणा ने मामचारी गांव में जाटव समाज के सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपए की राशि विधायक कोष से देने की घोषणा की। वही कल्याणी गांव में मोक्ष धाम में टीन शेड चारदीवारी सहित अन्य कार्यों के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की गई। इसके अलावा मांच गांव की जाटव बस्ती में सामुदायिक भवन के लिए 5 लाख की घोषणा भी विधायक ने की। विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र की समस्याओं का समाधान और विकास कराना है। इसी आधार पर डांग क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा रहे हैं।