बाड़मेर ब्यूरो रिपोर्ट।

बाड़मेर जिले में एक बार फिर से सामूहिक आत्महत्या की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बाड़मेर जिले के बायतु थाना इलाके की राम सरिया गांव में दो मासूम के साथ मां टांके में कूद गई जिससे तीनों की डूबने से मौत हो गई है।घटना की सूचना बायतु थाना पुलिस को दी गई है। जानकारी के अनुसार बायतु थाना इलाके के राम सरिया गांव में महिला हवा देवी ने दो मासूमों के साथ टांके में कूदकर जान दे दी। हवा देवी का पति गुजरात में काम करता है। महिला ने आत्मघाती कदम उठाने के पहले पति को मोबाइल पर मैसेज भेजकर जानकारी दे दी थी।  इसके बाद वह अपनी तीन साल और एक वर्ष की बच्ची को लेकर टांके में कूद गई। जब परिवार के लोगों ने महिला और बच्चों को घर में नहीं देखा तो तलाश शुरू की। तभी तीनों टांके के पानी में तैरते नजर आए जिसके बाद परिवार के लोगों ने अन्य लोगों को सूचना दी. लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों के शवों को बाहर निकाला। इधर अभी तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। घटना की जानकारी महिला के पीहर पक्ष को दे दी गई है।