बारां ब्यूरो रिपोर्ट
बारां की अटरू थाना पुलिस ने रविवार को अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया और एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। साथ ही आरोपियों के कब्जे से चोरी की 18 बाइक और दो मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। चोरी की बाईको की कीमत 18 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक अटरू थाना क्षेत्र के गायत्री नगर से एक बाइक चोरी की रिपोर्ट प्राप्त हुई थी। इस पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया गया और जिले के सभी थानाधिकारियों को बाइक चोरी की घटनाओं की रोकथाम के निर्देश दिए गए थे। इस पर अटरू डीएसपी श्योजीराम मीणा के निर्देशन में सीआई रामकिशन गौदारा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को आरोपी अमित लोधी, मनोज ऊर्फ दीवान गूर्जर और एक बाल अपचारी को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों मे अटरू, कवाई, बारां, छीपाबड़ौद, केलवाड़ा, नाहरगढ़, झालावाड़ जिले के खानपुर और कोटा जिले के रामगंजमंडी सहित मध्यप्रदेश के गुना से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। तीनों आरोपियों ने बाइक चोरी कर घर में छुपा रखी थी। जिन्हे रविवार को बरामद कर लिया गया है। साथ ही दो मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।

0 टिप्पणियाँ