वल्लभनगर और धरियावद में उपचुनाव के बीच राज्य सरकार ने किसानाें के लिए बड़ा ऐलान किया है। सरकार ने मार्च 2022 तक सहकारी संस्थाओं से जुड़े किसानों को 18,500 करोड़ रुपए के फसली ऋण के वितरण का लक्ष्य रखा है, जाे पिछले साल से 2500 करोड़ रुपए अधिक है।
यह बीते 9 सालों में किसानों को किए जाने वाले ऋण वितरण के लक्ष्य में सबसे बड़ा इजाफा है। राज्य सरकार के अधिकृत आंकड़ों के मुताबिक 2021-22 में 16 हजार करोड़ रुपए के फसली ऋण का लक्ष्य तय किया गया था। इसके विरुद्ध 26,34,355 किसानों को 15235.33 करोड़ रुपए का फसली ऋण बांटा जा चुका है।
1.25 लाख किसानों को शून्य ब्याज दर पर 248.69 करोड़ का लोन
सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने बताया कि सीएम अशोक गहलोत ने बजट 2021-22 में केंद्रीय सहकारी बैंकों की ओर से किसानों को 16000 करोड रु. के अल्पकालीन फसली ऋण वितरित करने की घोषणा की थी। साथ ही 3 लाख नए किसानों को राज्य सरकार की शून्य ब्याज पर फसली ऋण योजना से जोड़ने का भी ऐलान किया था। इसी क्रम में 2.40 लाख नए किसानों ने ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण/आवेदन किया गया है।


0 टिप्पणियाँ