जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संदर्भ तिथि 1 जनवरी 2022 के क्रम में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता सूचियों का नवीनीकरण करने के लिए कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। उन्होंने 1 जनवरी 2022 को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का आह्वान किया है। गुप्ता ने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्य के 198 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 1 नवम्बर, 2021 सोमवार को किया जायेगा।विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र वल्लभनगर एवं धरियावद के लिए कार्यक्रम उप चुनाव के बाद आयोग द्वारा पृथक से घोषित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हटवाने अथवा संशोधन हेतु दावे एवं आपत्तियों के प्रार्थना पत्र ऑनलाइन या ऑफलाइन 1 से 30 नवम्बर तक प्राप्त किये जायेंगे दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त करने की अवधि में 13 नवंबर एवं 20 नवंबर 2021 को ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में ग्रामसभा व वार्डसभा के साथ बैठक आयोजित कर प्रारूप मतदाता सूची का पठन किया जायेगा प्रविष्टियों का सत्यापन किया जायेगा तथा मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न आवेदन पत्र मौके पर ही प्राप्त किये जायेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त करने की अवधि में बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर समय निर्धारित कर मतदाता सूचियों के साथ उपलब्ध रहेंगे तथा विभिन्न आवेदन पत्र प्राप्त करेंगे। आम नागरिकों की सुविधा के लिए 14 नवम्बर व 21 नवम्बर, 2021 को मतदान केन्द्रों पर विशेष शिविर आयोजित किये जायेंगे। इन तिथियों पर बूथ लेवल अधिकारी राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ स्तरीय अभिकर्ता के साथ उपस्थित रह कर प्रातः 9 से सायं 6 बजे के मध्य दावे एवं आपत्तियों के प्रार्थना पत्र प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी, 2022 को किया जायेगा। प्रवीण गुप्ता ने बताया कि प्रारूप प्रकाशन की निर्धारित तिथि से पूर्व विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में व्यापक रूप से स्वीप गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को विभिन्न विभागों से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का डाटा उपलब्ध कराया गया है ताकि वह अग्रिम रूप से इनसे सम्पर्क कर विभिन्न पत्रादि तैयार करने हेतु निर्देशित कर सकें। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस बार पुनरीक्षण कार्यक्रम की अवधि में अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाईन आवेदन पत्र प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इस विषय में शैक्षणिक संस्थानों में सम्पर्क कर उन्हें भारत निर्वाचन आयोग के वोटर हैल्प लाईन एप को डाउनलोड करा कर इसके माध्यम से पंजीकरण हेतु आवेदन करने बाबत प्रेरित किया जा रहा है। उक्त गतिविधि साक्षरता क्लबों के माध्यम से भी व्यापक रूप से आयोजित की जा रही है। गुप्ता ने बताया कि ऑनलाईन आवेदन हेतु भारत निर्वाचन आयोग के एनवीएसपी पोर्टल पर उपलब्ध पंजीकरण की सुविधा की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि गत पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 60 प्रतिशत से अधिक आवेदकों ने ऑनलाईन आवेदन किया था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राज्य के आम नागरिकों को विशेष रूप से 18-19 आयु वर्ग के युवाओं से आह्वान किया है कि वह अधिक से अधिक संख्या में भारत निर्वाचन आयोग के वोटर हैल्प लाईन एप को डाउनलोड करें तथा इस एप के माध्यम से मतदाता सूची में पंजीकरण की कार्यवाही अथवा जो मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं वह अपनी प्रविष्टियों के संबंध में जानकारी प्राप्त करें।

0 टिप्पणियाँ