ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रदेश में पिछले दिनों हुई रीट परीक्षा और एसआई भर्ती परीक्षाओं में उठे पेपर लीक प्रकरण के बाद अब राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने पटवारी भर्ती परीक्षा 2021 को लेकर बड़ा फैसला किया है। प्रदेश के 10 जिलों को इस भर्ती परीक्षा के आयोजन से बाहर कर दिया गया है यानी कि 10 जिलों में पटवारी भर्ती के परीक्षा केंद्र नहीं होंगे। कर्मचारी चयन बोर्ड ने पिछली भर्ती परीक्षाओं का अध्ययन कराने के बाद यह निर्णय लिया है। उस अध्ययन में सामने आया कि यह ऐसे 10 जिले हैं, जहां ज्यादातर नकल और पेपर लीक होने के मामले सामने आते रहे हैं। इसलिए इन जिलों को पटवारी भर्ती परीक्षा से बाहर कर दिया गया। अब प्रदेश के 23 जिलों में ही पटवारी भर्ती परीक्षा ली जाएगी। बाहर किए गए 10 जिलों में बाड़मेर, चूरू, धौलपुर, जैसलमेर, जालौर, झुंझुनू, करौली, पाली, प्रतापगढ़ और सीकर जिले शामिल है। अब पटवारी भर्ती परीक्षा 2021 के लिए आवेदन करने वाले 15,62,000 अभ्यर्थियों को सिर्फ 23 जिलों में ही परीक्षा देनी होगी। आप को बता दें कि पटवारी भर्ती परीक्षा चार चरणों में होगी। पहला चरण 23 अक्टूबर सुबह 8:30 से 11:30 तक, दूसरा चरण 23 अक्टूबर दोपहर 2:30 से 5:30 तक, तीसरा चरण 24 अक्टूबर सुबह 8:30 से 11:30 तक और चौथा चरण 24 अक्टूबर दोपहर 2:30 बजे से 5:30 बजे तक होगा। परीक्षा में पानी की बोतल, पर्स, बैग, ज्योमेट्री बॉक्स, प्लास्टिक पाउच केलकुलेटर, तख्ती- पेड़, पेनड्राइव, रबर, टेबल स्कैनर, किताबें, नोटबुक सहित व्हाइटनर लाने पर रोक रहेगी।

0 टिप्पणियाँ