धौलपुर से मुनेश धाकरे की रिपोर्ट।
धौलपुर जिले में अतिक्रमण को लेकर जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल द्वारा पूर्व में भी कई बड़ी कार्यवाही की गई है। इसी क्रम में राजकीय मेडिकल कॉलेज मोड़ एवं जिला परिषद चौराहे के पास एवं राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय बाड़ी रोड़ धौलपुर के पीछे की ओर की जमीन पर किये गए अतिक्रमण को जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल ने अपनी मौजूदगी में अतिक्रमण मुक्त करवाया। उन्होंने बताया कि बाड़ी रोड़ स्थित जिला परिषद एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज चौराहा के पास 11 बिस्वा सिवायचक जमीन पर अतिक्रमण किया हुआ था। साथ ही राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के पीछे की ओर लगभग 51 बीघा चारागाह भूमि में से 10 बीघा जमीन पर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। जिला कलक्टर ने सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करवाने हेतु विशेष अभियान चलाया। जिसमें डीएफओ, उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, नगर परिषद की टीम एवं पुलिस के जवानों की मौजूदगी में अतिक्रमण मुक्त करने की कार्यवाही की गई। जिसमें 2 जेसीबी मशीन एवं 2 से अधिक ट्रोला एवं अन्य साधनों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। मौके पर डीएफओ सुनील गुप्ता, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद चेतन चौहान, उपखण्ड अधिकारी धौलपुर भारती भारद्वाज, तहसीलदार भगवत शरण त्यागी, नायब तहसीलदार चरण सिंह, नगर परिषद की टीम एवं पुलिसकर्मियों सहित अन्य अधिकारी कार्यवाही के दौरान मौके पर मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ