उदयपुर से भगवान प्रजापत।

उदयपुर जिले के खेरवाड़ा कस्बे में चोरों ने चोरी करने के दौरान किराणा की दुकान में डांस किया और चोरों का डांस सीसीटीवी में कैद हो गया। चोरों ने दुकान से करीब एक लाख रूपये का सामान और हजारों की नगदी पर हाथ साफ किया। नगदी और 1 लाख का सामान कब्जे में आने के बाद चोर खुशी से फूले नही समाए और चोरों ने दुकान के अंदर ही डांस करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि खेरवाड़ा के राणी छाणी मार्ग पर मोक्ष धाम के सामने एमएम एजेंसी  पर शनिवार रात को चोर दुकान के पीछे से खिड़की तोड़कर अंदर घुसे। दुकान में रखे काजू, बादाम, सिगरेट, गुटका, तंबाकू के पैकेट्स चोरी हुए। चोरी हूए माल की कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई जा रही है। गल्ले में पड़ी हजारों रुपए की नकदी भी चोर ले भागे। मुंह पर रूमाल बांधकर रात करीब डेढ़ बजे दुकान में घुसे दो बदमाशों ने 15 से 20 मिनट के अंदर आसानी से सामान को कट्टों में भर लिया। चोरी करने के बाद चोरों ने दुकान के अंदर मस्ती से डांस किया। डांस करते हुए सीसीटीवी फुटेज में उनका डांस साफ नजर आ रहा है।

 दुकान मालिक मनोज शाह ने बताया कि जब वह दुकान पर पहुंचा तो सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और दुकान के पीछे खिड़की टूटी हुई थी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर चोरी का मामला दर्ज किया। आपको बता दें कि इससे पहले भी खेरवाड़ा कस्बे में इस दुकान पर तीन बार चोरों ने ताले तोड़ने का प्रयास किया था लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाए। ग्रामीणों ने इस मार्ग पर पुलिस की गश्त व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।