उदयपुर से भगवान प्रजापत।
उदयपुर के खेरोदा थाना क्षेत्र के एक गांव में जमीन विवाद के चलते भाई ने अपने ही छोटे भाई की हत्या कर दी। पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा होना सामने आ रहा है। हत्या के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को खेरोदा सीएचसी पहुंचाया। वहीं पुलिस ने आरोपी को पुलिस हिरासत में ले लिया है। खेरोदा थाना क्षेत्र के बाठेड़ा के समीप सतावाल गांव में दोनों भाइयों के बीच जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार दोपहर को खेत पर काम कर रहे नरपत सिंह की बड़े भाई करण सिंह से बहस हो गई। इसी दौरान आवेश में करण सिंह ने कूंट (लकड़ी काटने का औजार) से हमला कर दिया। धारदार हथियार के हमले से नरपत सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनो भाइयों के बीच हुए खूनी संघर्ष में आरोपी भी घायल हो गया। इस दौरान पास में ही काम कर परिजन वहां पहुंचे। हत्या के बाद घायल आरोपी भी गाली-गलौच करते हुए अपने घर चला गया। आरोपी करणसिंह रिटायर्ड पुलिसकर्मी बताया जा रहा है। सूचना पर वल्लभनगर डीएसपी बुद्धराज टांक सहित खेरोदा थाने का जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए खेरोदा सीएचसी रखवाया है। प्राथमिक तौर पर हत्या के पीछे जमीन बंटवारे के चलते विवाद होना सामने आया है। विवाद के चलते पहले भी दोनो भाइयों में कहासुनी हो चुकी थी। पुलिस ने आरोपी करण सिंह को हिरासत में लेकर हमले के दौरान काम मे ली कूंट को बरामद कर लिया है।


0 टिप्पणियाँ